गुरुवार, 19 नवंबर 2026

मानस में सगुन-असगुन विचार

**********हमारे सनातन धर्म और उसकी परंपरा में कोई काम करने या किसी घटना से पूर्व यदि कोई ऐसी स्थिति ,परिस्थिति या दृश्यावली अकस्मात सामने आ कर उस कार्य  के सुखद निष्पादन के साथ मनभावन परिणाम या लाभ का संकेत दे जाय तो उसे शकुन और इसके उलट जब हानि का संकेत दे जाय तो उसे हम अपशकुन मानते हैं।प्रचलन में प्रायः लोग इन्हें सगुन ,असगुन ही बोलते हैं । यह मान्यता या विस्वास एक स्वीकृत आस्था है जिस पर कोई तार्किक या वैज्ञानिक सवाल नहीं उठाया जा सकता । सच कहें तो सनातनियों की जीवनचर्या में तद्नुसार सुखद या दुखद सिद्धि मिलने की पारंपरिक स्वीकृति बन गई है। उदाहरणार्थ सगुनियों के अनुसार कुछ खास दिनों पर कुछ दिशाओं में यात्रा पर न निकलने का विधान है और इस दिशाशूल अथवा यात्रा वर्जन को हर आस्तिक हिन्दू विधिवत याद रखते हुए उसका पालन करता है यथा : 
सोम, शनीचर पूरब न चालू ,मंगल, बुद्ध उत्तर दिशि कालू । 
बीफे  दिन जे दक्खिन जाई , पाँच लात पैंड़े में खाई । 
उदित, शुक्र पश्चिम दिशि राहू ,अवसि हानि सुख होइ न काहू । 
यह कितना सत्य है ,कहा नहीं जा सकता परंतु यदि भारत में यात्रियों एवं दिशाशूल का संबंध देखा जाय तब हम पाते हैं कि अनुकूल दिवसों की तुलना में इन वर्जित दिनों  पर इंगित दिशाओं में हवाई ,रेल और सड़क यात्रियों की संख्या  प्रायः कम पाई जाती है ।ऐसा लगता है कि सदियों से माने जाने वाली इन मान्यताओं ने हमारी मानसिकता पर ऐसा गहरा छाप डाल दिया है जो यात्राफल को दिन विशेष से प्रभावित देखता है ।
**********दूसरी तरफ ऐसे भी संकेतक हैं जो इतने धनात्मक और शुभ माने जाते हैं कि वे किसी कार्य या घटना को निश्चित होने या आशातीत सफलता पाने का संकेत देते हैं ।आज की दुनियाँ में तो विश्व स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं या अन्य आयोजनों के शुभंकर बनाए एवं इस अभिलाषा से स्थापित किए जाते हैं कि आयोजन बेहतर परिणाम के साथ सकुशल संपन्न हों ।निश्चित रूप से यह शुभंकर की सोच शकुन से ही श्रावित है ।  
**********यदि सगुन-असगुन में विश्वास और उस पर विमर्श के संदर्भ में रामचरित मानस का अनुशीलन करें तो पाते हैं कि इसके रचयिता महान कवि गोस्वामी तुलसी दास जी हिन्दी साहित्य की भक्ति धारा के विशालतम प्रकाश स्तंभ और सनातन धर्मिता के शाश्वत पर्याय ही नहीं सगुन-असगुन के बेजोड़ द्रष्टा रहे हैं । सनातनी परंपरा,लोक व्यवहार और रीति रिवाज में उनकी अटूट आस्था थी । यह गोस्वामी की काव्य धारा की सुधा शक्ति ही है जो हमारे समाज में सर्वत्र और हर पल गूँजती रहती है यथा रामायण पाठ,नवान्ह परायण ,मास परायण,मानस कथा ,रामलीला मंचन इत्यादि, इत्यादि ।  
**********तो आइए चलें ;राम चरित मानस में वर्णित शुभ ,अशुभ संकेतों और उनके परिणामों का यथा संभव अवलोकन करें । बालकाण्ड के  उत्तरार्द्ध में गुरु विश्वामित्र अपने दोनों शिष्यों, श्री राम और  लक्ष्मण, के साथ जनकपुर पहुँचते हैं जहाँ राजा जनक ने अपनी सुता जानकी का स्वयंबर आयोजित कर रखा है । रात्रि विश्राम के बाद  प्रातः ,गुरु के पूजा प्रयोजन हेतु पुष्प लेने, राम- लक्ष्मण नगर की पुष्प वाटिका पहुँचते हैं । संयोगवश अपनी माता की आज्ञा से जानकी भी अपनी सखियों के साथ माँ गौरी की पूजन के लिए वाटिका आती हैं । राम और जानकी एक दूसरे को देखते हैं और उनमें एक दूसरे का हो जाने वाला नैसर्गिक भाव अंकुरित हो जाता है ।फिर राम लक्ष्मण से अपने मनोभाव व्यक्त करते हैं और जानकी जी मंदिर जाकर माँ गौरी की आराधना करती हैं । इसी समय शुभ संकेतक उभर आते हैं । इधर --- "सो सब कारन जान बिधाता । फरकहिं सुभद अंग सुनु भ्राता ।"दूसरी ओर मंदिर में आराधना के समय--"विनय प्रेम वस भई भवानी।खसी माल मूरति मुसुकानी " तात्पर्यतः गोस्वामी जी कहते हैं कि पुरुष के बायें अंग का फड़कना और आराधक के सामने आराध्य के गले की माला का खिसकाना मनोकामना या कार्य सिद्ध होने के शुभ संकेत हैं ।
**********दूसरा ऐसा प्रसंग धनुष भंग के बाद आता है जब जनक जी का श्री राम जानकी विवाह के लिए दशरथ जी के यहाँ शुभ संदेश एवं बारात के साथ मिथिला पधारने का निमंत्रण पहुँचता है।राम विवाहोत्सव की तैयारी में खुशियों से झूमती सारी अयोध्या मिथिला प्रस्थान के लिए बारात सजाने लगती है ।उस समय शुभ संकेतकों की काव्यमय झड़ी लग जाती है यथा--
"बनइ न बरनत बनी बराता । होहिं सगुन सुंदर सुभ दाता।।
 चारा चाषु(1) बाम दिसि लेई । मनहुँ सकल मंगल कहि देई।।
दाहिन काग सुखेत सुहावा।नकुल(2 ) दरसु सब काहूं पावा।।
सानुकूल बह त्रिविध बयारी । सघट सबाल आव बर नारी ।।
लोवा(3) फिरि फिरि दरसु देखवा।सुरभी(4) सन्मुख सिसुहि पीआवा ।।
 मृगमाला फिरि दाहिन आई। मंगल गन जनु दीन्हि देखाई।।
छेमकरी (5 )कह छेम बिसेषी। स्यामा(6 ) बाम सुतरु पर देखी।।
सन्मुख आयउ दधि अरु मीना(7)। कर पुस्तक दुइ बिप्र(8) प्रवीना।। 302/1 
यहाँ पंक्तिवद्ध बारात के प्रस्थान समय उसकी बाईं ओर चारा चुगते नीलकंठ (1)का दिखना ,दाहिने खुले मैदान में कौए का दिखना ,सामने नेवले (2)का दर्शन ,यात्रा की दिशा हवाओं का बहना ,बच्चे या घड़े के साथ किसी महिला  का सामने पड़ जाना ,लोमड़ी (3)का बार बार दिख जाना ,बछड़े को दूध पिलाती गाय (4)का सामने दिखना ,हिरणों की टोली का बायें से दाहिने निकालना ,चील(5) पंछी का छेमकरी आवाज आना ,बायें कहीं सुंदर वृक्ष पर कोयल(6) का दर्शन , सामने देखने हेतु दही- मछली(7) की व्यवस्था होना और सामने पड़ने के लिए हाथ में पुस्तक लिए दो प्रवीण ब्राह्मणों (8)की उपस्थिति जैसे सगुन या शकुन के विविध उल्लेख हुए हैं। 
**********आगे बढ़ने पर अयोध्या में श्री राम के राज्याभिषेक की तैयारी हो रही है । कैकई की सेविका मंथरा के मन में एक भयंकर योजना अंकुरित हो चुकी है। वह कैकेयी को समझाती है कि राम को राजा बनाने, भरत को दास और आप को माता कौशल्या की दासी बनाने का षड़यंत्र रचा जा रहा है ।तब कैकेयी कहती हैं- 
"सुनु मंथरा बात फुरि तोरी । दहिनि आँखि नित फरकइ मोरी।।
दिन प्रति देखउँ राति कुसपने । कहउँ न तोहि मोह बस अपने।।"20 /2 
यहाँ इंगित है यदि किसी महिला की बायीं आँख फरक उठे या सोते समय बुरे सपने आ जाँय तो उसके साथ कुछ अनिष्ट होने के ए अपसगुन संकेत हैं । 
**********मानस यात्रा में आगे बढ़ते हैं तो श्री राम ,लक्ष्मण और जानकी का बन गमन होता है। फिर उन्हें स्मरण करते दशरथ का देहांत होता है ।कुल गुरु वशिष्ठ भरत को ननिहाल से बुलाने के लिए दूत भेजते हैं।इस क्रम में भरत के साथ अयोध्या लौटने तक अनेक अपशकुन होते हैं 
"अनरथ अवध अरंभेउ जब ते । कुसगुन होहिं भरत कहुँ तब ते।।
 देखहिं राति भयानक सपना।जागि करहिं कटु कोटि कलपना।।"फिर रास्ते में--
 "असगुन होहिं नगर पैठारा । रटहिं कुभाँति कुखेत करारा।। 
खर सीआर बोलहिं प्रतिकूला । सुनि सुनि होइ भरत मन सूला।।
 नगर नारि नर निपट दुखारी। मनहुं सबन्हि सब सम्पति हारी।।" 2/157   
 यहाँ व्यवस्था मिलती है कि रात्रि में अकस्मात सपने का आना ,रास्ते में बुरे स्थान पर बैठ कौवे की रट ,गधे और सियार की रेंक या राह में बुझे मन से लोगों का मिलना ऐसे अशुभ संकेत हैं जो परिणाम में पिता मरण और भ्राता -भाभी के वन गमन जैसे दुख के संकेतक हैं । 
**********जब राम को मनाने सदल भरत श्रृंगबेरपुर पहुँचते हैं और इसकी पूर्व सूचना निषादराज को मिलती है तब उसे लगता है की भरत जी सेना लेकर श्री राम से युद्ध कर उन्हें मारने आ रहें हैं । वह तत्काल राम के पक्ष में भरत से भिड़ने के लिए निषादों को आवाज देता है परंतु-
 "इतना कहत छींक भई बाँए। कहेउ सगुनिअन्ह खेत सुहाए।।"2 /191 
यहाँ गोस्वामी जी संकेत दे देते हैं कि यदि बायें खड़ा कोई व्यक्ति छींक देता है तो मानिए कि कुछ शुभ होने वाला है न कि युद्ध जैसा अशुभ।भरत राम को मनाने आ रहे हैं ।उनकी अगवानी की शुभ घड़ी आ गई है न कि युद्ध की।
**********अगले प्रसंग में चित्रकूट यात्रा के अंतिम पड़ाव से पूरे समाज के साथ भरत जी श्री राम के आश्रम की ओर प्रातः काल चलने की तैयारी करते हैं तब -
"मंगल सगुन होहिं सब काहू । फराकहिं सुखद सुलोचन बाहू ।।"2/224 
यहाँ सगुन का उत्कर्ष द्रष्टव्य है।श्री राम से भेंट होना है सो एक दो की नहीं बल्कि सकल समाज की महिलाओं की बाँई आँख व बाईं भुजा तथा पुरुषों की दाहिनी आँख व दाहिनी भुजा फ़रक उठती हैं । ऐसे सगुन तो परम शुभ के संकेतक हैं ।
**********चलते चलते जब कथानक प्रवर्षण गिरि पर पहुँचता है। वहाँ लंका से जानकी का पता लगा कर हनुमान, सुखद समाचार के साथ, सदल श्रीराम के सम्मुख उपस्थित होते हैं और प्रभु से तुरंत लंका पर चढ़ाई की आज्ञा माँगी जाती है।यहाँ एक ही समय प्रताड़िता माँ सीता का बाँया अंग फड़कता है और प्रताड़क के साथ असगुन होने का उल्लेख आता है यथा -  
जासु सकल मंगलमय कीती ।तासु पयान सगुन यह नीती। ।
प्रभु पयान जाना बैदेहीं ।फरकि बाम अँग जनु कहि देहीं ।।
"जोइ जोइ सगुन जानकिहि होई ।असगुन भयउ रावनहि सोई ।।35/5 
जहाँ सदाचार(धर्म) के विजय अभियान पर श्री राम निकल पड़ें वहाँ सगुन शुभ का पूर्वाभास न दे ;यह हो ही नहीं सकता है ।अशोक वाटिका में बैठी जानकी के बाँए अंग  फरक उठे और उन्हें यह सगुन संकेत हो गया  कि उनके स्वामी ,रावण का बध कर, उन्हें लेने आ रहे हैं ।
**********अंततः मानस के निर्णायक दौर में कुम्भ कर्ण, इन्द्रजीत मारे जा चुके हैं और श्री राम रावण  का घनघोर युद्ध की बारी है ।रावण इतना कदाचारी एवं घमंडी है कि वह सगुन असगुन कुछ नहीं मानता और कहता है " निज भुजबल मैं बयरु बढ़ावा ।देहउँ उतरु जो रिपु चढ़ि आवा ।।"
-------------------------------------------------------------------------
असगुन अमित होहिं तेहि काला ।गनइ न भुजबल गर्ब बिसाला ।।78/6
यहाँ गोस्वामी जी कहते हैं कि घमंडी व्यक्ति के लिए सगुन ,असगुन का कोई अर्थ नहीं होता है जबकि उनकी छन्दमय अभिव्यक्ति है कि युद्धरत होते समय योद्धा के हाथ से हथियार का गिरना ,रन से पहले योद्धा का वाहन से गिरना ,स्यार ,गिद्ध ,कौए ,गधे ,कुत्ते और उल्लू का इर्द गिर्द मँड़राना तथा कर्कश शब्द करना किसी योद्धा के लिए घोर अनिष्ट के संकेत हैं ।
 **********युद्ध अंतिम पड़ाव पर है ,प्रभु अपने सारंग से बार- बार रावण के दसों सिर और  बीस भुजाएं काट देते हैं परंतु वे पुनः यथावत हो जाते हैं ,रावण के मायावी युद्ध से रणभूमि में हाहाकार मचा है । श्री राम उसके सारे माया जाल को काट देते हैं । साँझ होते ही युद्ध बंद होता है । तृजटा अशोक वाटिका पहुँचती है और युद्ध का सारा वृतांत माँ जानकी को सुनाती है।तब :-
"जब अति भयउ बिरह उर दाहू । फरकेउ बाम नयन अरु बाहू।। 
सगुन बिचारि धरी मन धीरा । अब मिलिहहिं कृपाल रघुबीरा । ।" 100 /6 
युद्ध कितना भी भयंकर हो ,श्री राम की विजय होगी क्योंकि माँ जानकी की बाईं आँख और बाईं भुजा फड़क कर उन्हें अकाट्य शुभ संकेत दे गए हैं।
दसहरे का दिन है । रणभूमि में बहुत रक्तपात हो चुका । आज प्रभु राम रावण का बध कर के ही रहें गे । ऐसे में रावण की पत्नी मंदोदरी क्या देखती है ?
"दस दिसि दाह होन अति लागा।भयहु परब+ बिनु रबि उपरागा++ । । 
मंदोदरि उर कंपति भारी।प्रतिमा श्रवहि नयन मग बारी+++।।" इत्यादि102/6
[+पर्व ,तिथि विशेष ,++सूर्य ग्रहण, +++जल ]
और तत्काल ही रावण जैसा अप्रतिम महाबली श्री राम के बाणों से मारा जाता है । 
**********लंका विजय के बाद माँ जानकी ,लखन और हनुमान आदि मित्रों सहित  प्रभु श्रीराम  पुष्पक विमान से अपनी अयोध्या रवाना होते हैं
।प्रभु के वनवास के चौदह बर्ष  पूरे होने वाले हैं । नन्दीग्राम से अयोध्या का शासन चला रहे भरत जी को बारंबार सुभ संकेत होने लगे हैं । यथा :-
"भरत नयन भुज दक्खिन(1 ) फरकत बारहि बार । (1 ) दाहिनी 
जानि सगुन मन हरष अति लागे करन बिचार।।" 1 /7 
फिर भी उन्हें याद आता है कि चौदह वर्ष की अवधि में मात्र एक दिन शेष है और प्रभु के लौटने की अब तक कोई भौतिक सूचना नहीं आई । मन में यह गुनते हुए भरत जी व्यग्र हो उठते हैं ।तभी बिप्र रूपधारी हनुमान जी उनके पास पहुँच कर प्रभु आगमन का पूर्व संदेश देते हैं । वायुयान उतरता है और राम -भरत मिलाप होता है ।
**********यहीं मानस रचित एवं देश -विदेश में नियमित मंचित रामलीला अपने विश्राम बिन्दु पर पहुँच जाती है और यहीं मानस में सगुन-असगुन विचार भी समापन में विलीन होता है ।समास में हम पाते हैं कि राम चरित वृतांत में आद्योपांत सगुन -असगुन की अहं भूमिका बिखरे मोतियों की भाँति द्रष्टव्य और प्रभावी है ।चूंकि अनादि काल से सनतानियों में शुभ -अशुभ ,सगुन -अपसगुन की विचार धारा बहती आ रही है ;हमें  ,वैज्ञानिक कारण न होते हुए भी,इन्हें सम्मान देना चाहिए और दैनिक आचरण में अनुशीलन हेतु सोचना चाहिए क्योंकि यह विचार कभी हमारा मनोबल बढ़ाता है तो कभी सावधान भी करता है ।
================================================
**********अंततः मैं आज हरि प्रबोधिनी /देवोत्थान एकादशी सम्वत्  2083की पूर्व संध्या पर सादर आप सभी सुधी प्रिय पाठकों को सुखद भविष्य केलिए शुभ कामना संप्रेषित करते हुए इस विमर्श को यहीं विराम देता हूँ ।
                                  मंगला सिंह कृते मंगलवीणा 
                   mangal-veena. blogspot.com @gmail.com 
=================================
दिनाँक 19 नवंबर 2026;वाराणसी       
================================